रोडवेज की बसें गुरुवार से हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए चलनीं शुरू हो गई हैं। मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने सभी डिपो के लिए इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। बसें 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ चलाई जा रही हैं।परिवहन निगम की बसों का संचालन कोविड कर्फ्यू के चलते अप्रैल माह से बंद पड़ा हुआ है। लगातार निगम और सरकार बसों का अंतरराज्यीय संचालन शुरू करने की कोशिशों में लगी हुई है। इस बीच हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ ने बस संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है।कोविड गाइडलाइंस के तहत 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ इन बसों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन निगम के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता की ओर से जारी आदेश के तहत, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार से चंडीगढ़, शिमला और धर्मशाला के लिए बस संचालन किया जा रहा है। यह बसें पौंटा साहिब होते हुए चलाई जा रहीं हैं।